राहुल चावला,धर्मशाला: प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ इंदौरा की ओर से कांगड़ा जिला के मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति देने के लिए रविवार को परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा के आधार सभा की ओर से छात्रों का चयन छात्रवृत्ति के लिए किया जाएगा। डेढ़ दशक में जिला के 1200 के करीब मेधावी स्टूडेंटस स्कॉलरशिप प्राप्त कर चुके हैं। मेधावियों को छात्रवृत्ति पाने का मौका प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ इंदौरा की ओर से दिया जा रहा है। पिछले 15 वर्षों से सुधार सभा छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन करवा रही है, जिसमें स्टूडेंटस भी खासी रुचि दिखा रहे हैं।
प्रेस सचिव, प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि परीक्षा में पांचवीं, दसवीं, बारहवीं के नॉन मेडिकल व मेडिकल के स्टूडेंटस को मौका दिया जाता हैं। परीक्षा का आयोजन ओएमआर प्रणाली के तहत किया जाता हैं ओर परिणाम भी कम्प्यूट्राइजड निकाला जाता हैं। मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा की मेरिट में जगह बनाने वाले स्टूडेंटस को तीन दिवसीय जिला स्तरीय महाशिवरात्रि पर्व पर मंदिर सभा, मुख्यातिथि की ओर से नगद राशि, प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करवाती हैं
2600 स्टूडेंटस ने दी परीक्षा
प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ इंदौरा की ओर से रविवार को मेधावी छात्रवृति परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 2600 स्टूडेंटस ने भाग लिया। परीक्षा के लिए हिमाचल व पंजाब में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 2 परीक्षा केंद्र पंजाब में थे, जबकि अन्य परीक्षा केंद्र हिमाचल में स्थापित किए गए थे। एक परीक्षा केंद्र धर्मशाला स्थित दयानंद मॉडल स्कूल में बनाया गया था, जिसमें 102 स्टूडेंटस ने परीक्षा दी।
कोरोना काल में ऑनलाइन परीक्षा
पूर्व के वर्षों की बात करें तो मंदिर सुधार सभा की ओर से 20 से अधिक परीक्षा केंद्र भी बनाए जाते रहे हैं। परीक्षा केंद्रों की संख्या, स्टूडेंटस की संख्या पर आधारित होती है। कोविड काल में भी बच्चों को इस परीक्षा से जोड़े रखने के लिए ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा आयोजित करवाई गई थी, जिसमें सीमित संख्या में बच्चों ने भाग लिया।
सभा ने किया सेवाएं देने पर धन्यवाद
मंदिर सभा के प्रधान ओम प्रकाश कटोच, परीक्षा संयोजक रमेश शर्मा, महासचिव सुभाष शर्मा, प्रेस सचिव सुरेंद्र शर्मा, वेब सचिव मोहन शर्मा ने परीक्षा संचालित करवाने के समस्त केंद्र प्रभारियों, इन्विजिलेटर सभा की ओर से प्रतिनियुक्त अध्यापकों की बहुमूल्य, निशुल्क सेवाओं के लिए धन्यवाद किया, जिन्होंने परीक्षा हेतू एक माह से सेवाएं दी।
