अनिल कुमार, किन्नौर: इस वर्ष राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव 30 अक्तूबर से 2 नवंबर तक पुलिस मैदान रिकांगपिओ में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान स्वीप कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त किन्नौर एवं अध्यक्ष राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव समिति आबिद हुसैन सादिक ने दी। उन्होंने बताया क 1 नवंबर को आईटीबीपी मैदान में एक मेगा नाटी आयोजित की जाएगी जिसमें हजारों महिलाए भाग लेंगी।
उपायुक्त कार्यालय के सभागार में राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव 2022 के आयोजन को लेकर आयोजित बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने की। उन्होंने बताया कि किन्नौर महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और प्रतिदिन सायं स्टार नाइट का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, जिला की समृ़द्ध संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु लोक संगीत व वाद्य यंत्र प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि किन्नौर महोत्सव में विभिन्न खेल गतिविधियों और मिस्टर किन्नौर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
आबिद हुसैन सादिक ने सभी विभागों को राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव के सफल आयोजन के लिए मिलकर कार्य करने का आग्रह किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक विवेक चाहल, सहायक आयुक्त राजेन्द्र कुमार गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
