अरविंदर सिंह, हमीरपुर: हमीरपुर जिला के नाडसी गांव की कविता पुत्री अशोक कुमार ने नर्सिंग ऑफिसर की परीक्षा पास कर देश भर में 624वां रैंक हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे गांव में ख़ुशी का माहौल है। कविता की इस उपलब्धि पर उनके पैतृक गांव में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर उनको सम्मानित किया गया।
पंचायत घर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कविता को शॉल, टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर कविता को बधाई देने वालों का तांता भी लगा रहा । ग्राम पंचायत नाडसी के प्रधान सुनील राठौर ने भी कविता को उसकी उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
ग्राम पंचायत नाडसी के प्रधान सुनील राठौर ने कहा कि कविता ने नर्सिंग ऑफिसर की परीक्षा पास करके गांव का नाम देश प्रदेश में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि कविता क्षेत्र की युवतियों के लिए एक प्रेरणा स्तोत्र बनकर उभरी है और उसकी लग्न व कड़ी मेहनत ने सिद्ध कर दिया है कि छोटे गांव की बेटियां भी बड़े मुकाम हासिल कर सकती हैं।
वहीं कविता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों और अध्यापकों को दिया है। कविता का कहना है कि अगर इरादा पक्का हो, तो मुकाम हासिल करना कोई बड़ी बात नहीं है। कविता को स्कूल में भी कई बार प्रस्तुति पत्रों और अलंकारों से भी नवाजा जा चुका
गौरतलब है कि कविता सैनिक परिवार से संबंध रखती है। उन्होंने अपनी प्राथमिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ककडिय़ार से पूरी की है और उसके बाद बीएससी नर्सिंग महा ऋषि मारकंडेश्वर यूनिवर्सिटी अंबाला से और एमएससी नर्सिंग गुरू द्रोणाचार्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग धर्मशाला से दिसंबर 2021 में उत्तीर्ण की है।
