संजीव महाजन,नूरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं और ऐसे में विधानसभा क्षेत्रों से चुनावी दावेदारों ने भी चुनावी बिगुल फूंक दिया है। चुनाव में उतरने की चाह रखने वाले प्रत्याशी भी इन दिनों लोगों के बीच जाकर अपने लिए समर्थन जुटाते दिख रहे हैं। वहीं बात अगर नूरपुर विधानसभा की की जाए तो यहां भाजपा नेता रणवीर सिंह निक्का ने काफी पहले से ही अपना चुनावी अभियान शुरू कर रखा है। अपने जनसंपर्क अभियान से रणवीर पार्टी को अपना शक्ति प्रदर्शन काफी दिनों से दिखा रहे हैं।
रणवीर सिंह का जहां एक और इन विधानसभा चुनावों में पार्टी की ओर से टिकट की चाह भी रख रहे हैं तो वहीं उन्होंने अपने ही पार्टी के वर्तमान विधायक ओर कैबिनेट मंत्री के खिलाफ भी नूरपुर में मोर्चा खोल कर रखा है। नूरपुर के विकास को लेकर वह लगातार उन पर बयान बाजी कर रहे है। रणवीर सिंह निक्का अक्सर अपने जनसंपर्क सभाओं में प्रदेश की जयराम सरकार व केंद्र की मोदी सरकार की तारीफ करने में कोई कमी नहीं छोड़ रहे है। वहीं दूसरी ओर भाजपा कैबिनेट मंत्री व नूरपुर विधायक पर तंज कसने में कोई कमी नहीं छोड़ रहे है।
उन्होंने यहां तक भी कह दिया है कि नूरपूर में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही नेताओं ने विकास नहीं किया है। दोनों नेताओं ने अपने घर बनाए ,लाखों रुपए की कीमत की गाडियां खरीदी है, अपने व्यवसाय को बढ़ाया है और अपने बेटों को ही आगे बढ़ाया है । उन्होंने कहा हैं कि भाजपा मुझे टिकट दे चाह ना दे मैं चुनाव अवश्य लड़ूंगा ओर बारी-बारी की राजनीति को खत्म कर दूंगा। रणवीर सिंह ने कहा है कि नूरपुर परिवर्तन की ओर बढ़ चुका है इस बार जनता बदलाव चाहती है। वह अपनी जनसभाओं में अकसर कांग्रेस के पूर्व विधायक व भाजपा के विधायक व मंत्री पर तीखे बाणों के प्रहार कर रहे है।
रणबीर सिंह निक्का एक तरफ भाजपा नेता भी हैं दूसरी तरफ बदलाव की बात कर रहे हैं ऐसे में लोगों को यह बात समझ नहीं आ रही है की क्या वह नूरपुर में मौजूदा भाजपा विधायक या मौजूदा सरकार के बदलाव करने की बात कर रहे है।
जीतने के लिए यह किए गए है चुनावी वायदे
रणबीर सिंह अपनी जनसभाओं में चुनावों के लिए लोगों का सहयोग मांग रहे हैं। उन्होंने कहा है कि अगर लोग उन्हें जीत दिला देते हैं तो सारे विधानसभा में जिन गरीबों के कच्चे मकान है उन्हें पक्का करवाएंगे। उन्हें जो वेतन मिलेगा वह उसे भी जनता की भलाई में लगायेंगे।
