राकेश,ऊना: विधानसभा चुनाव नजदीक आते आते टिकट पाने की चाह रखने वाले उम्मीदवारों की संख्या बढ़ती जा रहे है अभी तक किसी भी पार्टी ने अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं लेकिन राजनीतिक दलों में टिकट की चाह रखने वालों की लंबी कतार लगी हुई है। इसका एक नमूना तो आज ऊना जिला में देखने को मिला जहां कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष टिकट की चाह रखने वाले उम्मीदवारों ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया।
आज कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य धीरज गुर्जर ने ऊना में टिकट के चाहवानों से एक-एक कर मुलाकात की और उनकी दावेदारी को परखा । स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष अपना दावा भरने वालों में ऊना जिले की पांचों विधानसभा के टिकटार्थी तो थे ही। इसके अतिरिक्त प्रदेश के अन्य जिलों की कुछ विधानसभाओं से भी टिकट के चाहवान यहां दिखाई दिए । टिकट की चाह रखने वालों ने अपना शक्ति प्रदर्शन अपने सामर्थ्य के अनुसार दिखाने की कोशिश की।
इस बीच सियासी गलियारों में कई प्रकार की अफवाहों का बाजार भी खूब गर्म रहा । कभी टिकट के चाहवानों के बीच तनातनी तो कभी हल्की जुबानी जंग की हवाओं से सियासी फ़िज़ां गुलजार होती रही । इस दरमियान टिकट की इच्छा रखने वाले दावेदारों ने भारतीय जनता पार्टी के राज में महंगाई के आसमान छूने और जनता के त्रस्त होने का दावा किया । वहीं इन दावेदारों ने भारतीय जनता पार्टी के अभी तक के शासनकाल में लोकतंत्र को दबाकर तानाशाही का राज स्थापित करने का आरोप भी लगाया ।
