जगत सिंह बैंस, नालागढ़: नालागढ़ में एक प्रवासी मजदूर की हत्या का मामला सामने आया हैं। मामले के तहत बेला मंदिर में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहने वाला एक प्रवासी मजदूर 22 दिन पहले अचानक लापता हो गया था। मजदूर के लापता होने पर उसकी तलाश हर जगह की जा रही थी, लेकिन किसी तरह का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। अब शुक्रवार को मगनपुरा में स्थित एक फार्मेसी कॉलेज के पीछे झाड़ियों में लापता मजदूर का शव पड़ा मिला हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ के सिविल अस्पताल भेज दिया हैं। पुलिस ने पीड़ित के परिजनों के बयानों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज करके आगामी जांच शुरू कर दी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं मृतक मजदूर के परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक वह बेला मंदिर में एक किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहा था। 22 दिन पहले अचानक वह अपने दो दोस्तों के साथ कहीं घूमने गया था लेकिन घर नहीं लौटा उसके बाद पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस थाना नालागढ़ में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया गया था, लेकिन 22 दिन के बाद अब फार्मेसी कॉलेज के पास से मृतक का शव बरामद हुआ हैं।
पुलिस ने इस पूरे मामले में हत्या का मामला दर्ज कर लिया हैं। साथ ही मृतक के घर वालों का कहना है कि वह दो अन्य दोस्तों के साथ गया था और दोनों दोस्त भी फरार हैं। उन्होंने शक जाहिर किया है कि उन दोनों दोस्तों ने ही उसकी गला घोट कर हत्या की हैं। वहीं मृतक के खाते से पैसे भी उसके दोस्तों के खातों में ट्रांसफर हुए हैं जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही हैं।
