बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को विजयादशमी के मौके पर हिमाचल को 3,650 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बिलासपुर में 1,470 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बने एम्स का लोकार्पण किया। मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल अवसरों का प्रदेश है। यहां बिजली पैदा होती है, फल-सब्जी के लिए उपजाऊ जमीन है और रोजगार के अनंत अवसर देने वाला पर्यटन यहां पर है। हिमाचल के तो दोनों हाथ में लड्डू है। पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का प्रयास है कि गरीब और मध्यम वर्ग के इलाज पर खर्च भी कम हो, इलाज भी बेहतर मिले और इसके लिए दूर ना जाना पड़े। माताओं-बहनों-बेटियों का सुख-सुविधा, सम्मान, सुरक्षा और स्वास्थ्य डबल इंजन सरकार की बहुत बड़ी प्राथमिकता है।
नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर लोगों का खूब हजूम उमड़ा। पीएम ने बिलासपुर दौरे के दौरान लुहणू मैदान से एम्स बिलासपुर, हाईड्रोकॉलेज बंदला का उदघाटन किया। वहीं उन्होंने नालागढ़ मेडिकल डिवाईस पार्क के साथ ही पिंजौर फोरलेन का शिलान्यास भी किया। पीएम ने हिमाचल में 3653 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन, शिलान्यास किए। इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार, राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी भी मौजूद थी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से इन प्रोजेक्ट्स को जनता को समर्पित किया गया। वहीं, बाकायदा जनता ने भी प्रधानमंत्री का दिलखोलकर स्वागत किया। चोरों तरफ मोदी-मोदी के ही नारे गूंजते रहे।

पीएम मोदी की रैली में उमड़ी भीड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिलासपुर रैली में लोगों की खूब भीड़ उमड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में भाग लेने के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ उमडऩा शुरू हो गई थी। वहीं, हजारों लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में पहुंचे। प्रदेश भर के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में सभा स्थल पहुंचने से पहले प्रदेश भाजपा प्रवक्ता रणधीर शर्मा, विधायक जेआर कटवाल, खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने लोगों को संबोधित किया। वहीं, केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों से अवगत करवाया। उक्त वक्ताओं ने कहा कि बिलासपुर जिला में करोड़ों के विकास कार्य भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए जिसका लाभ आम जनता को मिला है।
