संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश की राजधानी शिमला घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए एक नई शुरुआत शिमला में हो चुकी हैं। अब शिमला घूमने आने वाले पर्यटक शिमला में ही लाइट एंड साउंड शो का भी लुत्फ उठा सकेंगे। इसके लिए राजधानी शिमला के ऐतिहासिक भवन बैंटनी कैसल में लाइट एंड साउंड शो की शुरुवात की गई हैं। बुधवार से राजधानी शिमला के ऐतिहासिक भवन बैंटनी कैसल में लाइट एंड साउंड शो स्थानीय लोगों ओर पर्यटकों के लिए शुरू हो गया हैं। इस शो के माध्यम से शिमला में अब तक हुए बदलाव को दिखाया गया।
इस शो में ब्रिटिश काल से लेकर अब तक राजधानी में हुए बदलाव और बैंटनी कैसल के इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को दिखाया गया। शो में दिखाया गया कि जब से बैंटनी कैसल की ऐतिहासिक इमारत बनी हैं। उसके बाद से अब तक इसके आसपास के इलाके सहित पूरे शिमला में क्या बदलाव देखने को मिला हैं। राज्य संग्रहालय के अध्यक्ष हरी चौहान ने बताया कि शो दो शिफ्टों में आधे-आधे घंटे के लिए दिखाया जाएगा। शो देखने के लिए एक साथ 70 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। 30 मिनट तक चलने वाला लाइट एंड साउंड शो हिंदी और अंग्रेजी संस्करणों में तैयार किया गया है, जिसमें बैंटनी कैसल और ऐतिहासिक शिमला शहर के विभिन्न पहलुओं की यात्रा के बारे में बताया गया हैं।
यह रहेगी लाइट एंड साउंड शो दिखाए जाने का समय
बैंटनी कैसल में दिखाए जाने वाले लाइट एंड साउंड का पहला शो रात 8 बजे से 8:30 तक दिखाया गया और दूसरा शो रात 8:30 से 9:00 बजे तक दिखाया गया। उन्होंने बताया कि इस शो में प्रवेश के लिए 100 रूपये का टिकट लेना पड़ेगा।
बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने इस चित्रण को दी अपनी आवाज
लाइट एंड साउंड शो डिजिटल कला तकनीक का उपयोग करने वाला पहला प्रोडक्शन है, जो ऐतिहासिक स्थल पर इसकी नींव से ही बैंटनी कैसल के नजरिए से शिमला के इतिहास को चित्रित करता हैं। यह शो शिमला की स्थापना से लेकर आज तक के समय के बारे में एक नाटकीय प्रदर्शन हैं। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी आवाज इस चित्रण को दी हैं।
