सोलन/योगेश शर्मा – कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की 10 अक्टूबर को सोलन में होने वाली परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली स्थगित हो गई है। जानकारी के मुताबिक अब यह रैली 14 अक्टूबर को सोलन के ठोडो ग्राउंड में होगी। पार्टी नेताओं के अनुसार 10 तारीख को होने वाली इस रैली को खराब मौसम की आशंका और करवा चौथ के कारण स्थगित किया गया है। प्रियंका गांधी ने तीन दिन पहले ही सोलन में होने वाले कार्यक्रम में आने की हामी भरी थी। इसे लेकर पार्टी सह प्रभारी संजय दत्त ने कार्यकर्ताओं से बैठक कर फोटो ग्राउंड और पुलिस ग्राउंड का मुआयना भी किया था। बैठक में सोलन जिला के दो विधायकों सहित अन्य पदाधिकारियों ने रैली की रूपरेखा तय की थी।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के कार्यक्रम हो रहे
प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दल अपने राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के कार्यक्रम बना रहे है । भाजपा ने 10 दिन के अंदर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो कार्यक्रम हिमाचल दौरे के बनाए। इसे काउंटर करने के लिए कांग्रेस ने राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को फील्ड में उतारने का निर्णय लिया है। इसके तहत सोलन में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली का कार्यक्रम 10 अक्टूबर के लिए फाइनल किया गया था अब इसे 14 अक्टूबर के लिए स्थगित कर दिया गया है। कांग्रेस सोलन जिलाध्यक्ष शिवकुमार ने रैली स्थगित होने की बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने अब इस रैली को 14 अक्टूबर को कराने का निर्णय लिया है।
