राहुल चावला, बैजनाथ: कांगड़ा जिला के बिलिंग में अक्टूबर माह में पैराग्लाइडिंग का एक और प्री वर्ल्ड कप आयोजित किया जाएगा। बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने बताया कि 26 अक्टूबर 2023 से 2 नवंबर 2023 तक आयोजित होने वाले इस प्री वर्ल्ड कप में क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
अनुराग शर्मा ने बताया कि वर्ल्ड कप आयोजित करने के लिए क्रॉस कंट्री पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप का होना आवश्यक है और बिलिंग में एक बार फिर वर्ल्ड कप आयोजित करने के लिए इस प्री वर्ल्ड कप का होना बहुत जरूरी हैं। अनुराग शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिशा निर्देशों के तहत बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन ने प्री वर्ल्ड कप को करवाने के लिए आवेदन किया था और इसके लिए पर्यटन निगम के अध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली और स्थानीय विधायक एवं संसदीय सचिव किशोरीलाल के प्रयास सराहनीय हैं।
अनुराग शर्मा ने बताया कि पैराग्लाइडिंग की सर्वोच्च संस्था पीडब्ल्यू सी.एस.ए. इसे प्रारंभिक मंजूरी मिल गई है और जल्द ही इसे अफ.आई.ए से भी अप्रूवल मिलने की संभावना हैं। अनुराग शर्मा ने बताया कि अक्टूबर माह में आयोजित होने वाले प्री वर्ल्ड कप को पूर्व की तरह प्रदेश पर्यटन विभाग के साथ मिलकर बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन की ओर से आयोजित करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप होने से बीर बिलिंग में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और बिलिंग फिर से एक नई ऊंचाइयों को छुएगा।
