विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के महान स्वतंत्रता सेनानी और क्रांतिकारी साहित्यकार पहाड़ी गांधी बाबा कांशी राम की जयंती पर प्रदेश की साहित्यकारों ओर कवियों ने बाबा कांशी राम को याद किया। उनकी जयंती के मौके पर चिंतपूर्णी के बाबा श्री माई दास सदन में हिमाचल कला संस्कृति भाषा अकादमी की ओर से राज्य स्तरीय जयंती समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पहाड़ी गांधी बाबा काशीराम के वरिष्ठ पौत्र रवि शर्मा शामिल हुए और विशिष्ट अतिथि के रूप में बाबाजी के कनिष्ठ पौत्र विनोद शर्मा शामिल हुए।
कार्यक्रम को शुरू करने के पहले बाबा जी को उनके पौत्रों और वहां उपस्थित कवियों और लेखकों की ओर से श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में आयोजित साहित्य संगोष्ठी में प्रदेश के खोजी विद्वान विरेंद्र वीर शर्मा ने पहाड़ी गांधी बाबा काशीराम की कविताओं में राष्ट्रीय एवं सामाजिक भावना विषय पर शोध पूर्ण लेख प्रस्तुत किया। चर्चा परिचर्चा में प्रदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों ने भाग लिया। द्वितीय सत्र में बहुभाषी कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सत्र में प्रदेश के जाने वाले कवियों ने हिस्सा लिया।
इसके अलावा चिंतपूर्णी के आसपास के क्षेत्र के दो कवियों रानी और सुमित शर्मा ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर बाबाजी के वरिष्ठ पौत्र रवि शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की भांति राज्य स्तरीय कार्यक्रम उनके बाबा जी की याद में राज्य सरकार की ओर स्व बनाया गया है जिसमें आज कवियों ने स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को कविताओं के माध्यम से याद किया हैं।
