राहुल चावला, धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला सहित अन्य जिलों के किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए पर्यटन नगरी धर्मशाला स्थित रेडिसन ब्लू रिजॉर्ट की तरफ से एक अनोखी पहल की जा रही है। रेडिसन ब्लू रिजॉर्ट की तरफ से किसानों को समर्पित एक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जिसमें किसानों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। वहीं इस कार्यक्रम में कृषि से जुड़े अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
किसानों से जुड़ा कार्यक्रम होने के कारण भोजन की बात न हो, ऐसा संभव नहीं है। कार्यक्रम में विभिन्न पकवान होंगे, जिनमें 50 फीसदी पकवान हिमाचली होंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में हिमाचली कला संस्कृति का तड़का भी लगेगा, जिसके तहत कांगड़ी फोक नृत्य किया जाएगा। एक तरफ जहां चुल्हे पर साग और मक्की की रोटी पक रही होगी, वहीं दूसरी ओर कांगड़ी फोक नृत्य पर मेहमानों के कदम थिरकेंगे। रेडिसन ब्लू रिजॉर्ट धर्मशाला के एग्जीक्यूटिव शेफ जितेंद्र नाख्वा ने बताया कि 4 दिसंबर को किसानों को डेडिकेटेड कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
किसानों के कार्यक्रम में फूड का जिक्र भी होना लाजमी है। ऐसे में कार्यक्रम में साउथ इंडियन, नार्थ इंडियन, हिमाचली फूड के अतिरिक्त सरसों का साग व मक्की की रोटी के साथ कांगड़ी नृत्य विशेष आकर्षण होंगे। वहीं सिडडू, बबरू के साथ कांगड़ी धाम भी परोसी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में उगने वाली फसलों, धान, गेहूं व बाजरा सहित अन्य फसलों को उगाने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए यह होटल प्रबंधन की विशेष पहल है।
