संजु चौधरी, शिमला: शिमला नगर निगम चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनावी प्रचार में बड़े नेता भी उतर गए हैं। रविवार को कांग्रेस विधायक और सीपीएस आशीष बुटेल लोअर बाजार वार्ड में कांग्रेस उम्मीदवार उमंग बंगा के समर्थन में प्रचार में उतरे और मिडिल बाजार लोअर बाजार में डोर टू डोर प्रचार कर कांग्रेस प्रत्याशी के लिए वोट मांगे।
इस दौरान आशीष बुटेल ने भाजपा पर निशाना साधा ओर कहा कि कांग्रेस विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ने जा रही हैं और 5 वर्षों में भाजपा शासित नगर निगम रही जहां पर पैसों की बर्बादी की गई। शिमला में स्मार्ट सिटी के तहत काफी विकास हो सकता था लेकिन स्मार्ट सिटी का पैसा बर्बाद किया गया। जो कांग्रेस के पार्षद जीते हुए थे उनके वार्डो में काम नहीं होने दिए गए । पिछले 5 सालों में जनहित के कार्यों पर रोक लगा दी गई और अब कांग्रेस उसके खिलाफ मैदान में उतरी हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश सरकार के 4 महीने के कार्यों को लेकर जनता के बीच जा रही है और उस पर ही वोट मांगे जा रहे हैं। भाजपा ने जो 5 साल पहले शिमला शहर को लेकर जनता के साथ वादे किए थे उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। शिमला को 24 घंटे पानी देने के सपने तो दिखाए गए लेकिन दूसरे दिन पानी दिया जा रहा हैं। वहीं अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और शिमला शहर में विधायक भी कांग्रेस का हैं, ऐसे में शिमला में नगर निगम भी कांग्रेस की बनेगी।
उन्होंने कहा कि उनके पास शहरी विकास विभाग का भी जिम्मा हैं, ऐसे में शिमला शहर को 24 घंटे पानी मिले इसको लेकर काम किया जाएगा और शिमला के लिए पेयजल परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दे दिए गए है और 2025 तक शिमला में हर रोज हर नल में 24 घंटे पानी देना सुनिश्चित किया जाएगा ।
