संजीव महाजन, नूरपुर: हिमाचल प्रदेश की प्रबुद्ध जनता ने इस प्रजातंत्र पर्व पर जो दायित्व निभाया है और प्रदेश में करीब 74 प्रतिशत मतदान हुआ जिसके लिए हिमाचल के मतदाता बधाई के पात्र है। मैं अपने कांग्रेस पार्टी के देश-विदेश के शीर्ष नेतृत्व को बधाई देता हूं, जिनके प्रयासों से प्रदेश में प्रचंड बहुमत से कांग्रेस सरकार बनने जा रही है, जिसका श्रेय हिमाचल की रीढ़ की हड्डी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जाता है। यह बात कांग्रेस प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा ने कही।
उन्होंने कहा कि चुनावों से पूर्व दावे किए जा रहे थे लेकिन अब तो प्रदेश की प्रबुद्ध जनता ने धरातल पर कांग्रेस के पक्ष में पुख्ता जनादेश का रुझान देकर सिद्ध कर दिया कि प्रदेश कांग्रेस के हाथों में सुरक्षित है। देश में कांग्रेस जोरदार सत्ता वापसी की ओर अग्रसर है जिसका आगाज हिमाचल प्रदेश से होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सत्ता का रास्ता बन चुका है जिसकी मात्र 8 दिसंबर को औपचारिकता निभाई जाएगी।
