संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर जिला शिमला से कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की ओर से शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज को इन चुनावों में उम्मीदवार बनाकर चुनावी मैदान में उतारा गया है। वहीं कांग्रेस ने इस सीट पर निवर्तमान विधायक अनिरुद्ध सिंह को ही यहां से टिकट है दी है। दोनों ही प्रत्याशी अपने विधानसभा क्षेत्र में लोगों से समर्थन जुटाने के लिए चुनाव प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। वहीं अगर विधानसभा क्षेत्र की जनता की बात की जाए तो यहां की जनता मंत्री सुरेश भारद्वाज पर विधानसभा क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगा रहे हैं। यहां की जनता का कहना है कि क्षेत्र के विकास कार्यों में भाजपा सरकार ने रोड़े अटकाए हैं।
जनता का कहना हैं कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में जो काम होने थे वो नहीं होने दिए गए है। उन्होंने कहा कि बहुत हो गई भाजपा सरकार, अबकी बार कांग्रेस सरकार। कसुम्पटी निवासी सुरेश ने कहा कि भाजपा रिवाज बदलने को जो सपना देख रही है, वह पूरा होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि अनिरुद्ध सिंह युवा चेहरा है और उनकी जीत सुनिश्चित है। यदि शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने काम किया होता तो बीजीपी शिमला शहरी सीट से उन्हें चुनाव लड़वाती ओर उन्हें यहां कसुम्पटी नहीं भेजा जाता।
वहीं कसुम्पटी निवासी आदवित चौहान ने कहा प्रदेश में कांग्रेस को जनता का पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अनिरुद्ध सिंह की रैलियों में जिस तरह से भीड़ उमड़ रही है, उससे साफ है कि वे तीसरी बार यहां से जीत दर्ज करते हुए विधानसभा पहुंचेगें।
कसुम्पटी निवासी महेश ने कहा कि ये एक तरफा चुनाव है और कांग्रेस की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने 5 साल के कार्यकाल में केवल युवाओं की अनदेखी है, जिससे युवा हताश और निराश है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने केवल अपने चेहतों को नौकरियां दी है जबकि जो पुलिस कॉन्स्टेबल की लिखित परीक्षा का पेपर लीक हो गया। इसी तरह कई अन्य भर्तीयों के मामले अदालत में लंबित पड़े हुए है। उन्होंने कहा कि भाजपा की अनदेखी के चलते आज आम परिवार से जुड़े लाखों युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे है।
