अरविंदर सिंह,हमीरपुर: भाजपा ने सरकार में रहकर कुछ नहीं किया लेकिन विपक्ष का दायित्व कुछ ना कुछ करना हैं जिसे भाजपा बखूबी निभा रही हैं। कांग्रेस सरकार सत्ता में आकर व्यवस्था परिवर्तन के लिए कार्य कर रही हैं तो ऐसे में भाजपा के नेता कुछ ना कुछ बोल कर महज विरोध कर रहे हैं। यह बात
हमीरपुर जिला के तीन दिवसीय दौरे के दौरान सोमवार को ज्वाला जी शक्तिपीठ में शीश नवाने पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कही। यहां पर मां ज्वाला जी के मंदिर में माथा टेकने के बाद मुख्यमंत्री फिर अपने गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में पहुंचे। यहां पर पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह नादौन और मिनी सचिवालय हमीरपुर में उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी।
यहां पर सैकड़ों कार्यालयों को प्रदेश में डी नोटिफाई करने के कांग्रेस सरकार के निर्णय के खिलाफ भाजपा के हस्ताक्षर अभियान पर मुख्यमंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के कांग्रेस सरकार के इंतजार का दिलासा देने के बयान पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल खुद प्रशासनिक व्यवस्था को समझते हैं। वह यह भी समझते हैं कि बजट का प्रावधान करना पड़ता हैं। कांग्रेस सरकार ने पहली गारंटी पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया हैं। अगले 9 गारंटी के बजट का प्रावधान किया जा रहा है और कांग्रेस सरकार अपनी 10 गारंटी को हर हालत में पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि इंतजार किसी बात का नहीं है बल्कि अपना अपना काम करने का तरीका होता हैं।
