मंजूर पठान, चंबा: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं वैसे वैसे भाजपा- कांग्रेस की सियासत भी बढ़ने लगी है। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व में वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि डबल इंजन की सरकार ने देश और प्रदेश का भट्टा बैठा दिया है। ठाकुर सिंह भरमौरी 11वीं बार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे है और पूरे जोश के साथ चुनावी मैदान में उतरे है। ठाकुर सिंह भरमौरी पिछले 50 साल से भरमौर विधानसभा क्षेत्र की सक्रिय राजनीति में एक बड़ा नाम है।
भरमौरी ने कहा की कांग्रेस पार्टी की सरकार भारी बहुमत से बनने जा रही है और जिस तरह से हिमाचल प्रदेश में और पूरे देश में महंगाई,बेरोजगारी बढ़ी है उसे खत्म करने का प्रयास किया जाएगा। युवाओं को रोजगार कांग्रेस पार्टी देगी, इसके अलावा पुरानी पेंशन को भी बहाल किया जाएगा, जिसके लिए कांग्रेस पार्टी ने अपना गारंटी पत्र जारी किया है। ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा है कि उनके विधानसभा क्षेत्र और चंबा में भाजपा के शासन काल में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है जितना भी विकास इस विधानसभा और पूरे चंबा जिला में हुआ है वह कांग्रेस पार्टी की देन है। उन्होंने कहा है कि इन्होंने झूठ के सहारे जनता को बरगलाया है लेकिन अब जनता ने मूड बना लिया है और इनका बोरी बिस्तर बंद होने वाला है।
वहीं दूसरी और ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि 11वीं बार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहा हूं। कांग्रेस पार्टी ने भरोसा जताया है और लोगों ने भी मुझे कहा है कि आपको वोट मांगने की जरूरत नहीं है आपने 50 साल हमारी सेवा की है हम आप को वोट देंगे और भारी बहुमत से जिताएंगे। ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा है कि इस डबल इंजन की सरकार में महंगाई, बेरोजगारी बढ़ी है और विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है, जितना भी विकास भरमौर विधानसभा क्षेत्र में हुआ है चंबा जिला में हुआ है वह कांग्रेस पार्टी की और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में हुआ है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने की बात करने वाले अब खामोश क्यों बैठे हैं इसका जवाब 2022 के विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता भाजपा को देने जा रही है और कांग्रेस पार्टी की प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनने जा रही है।
