अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश कैबिनेट की ओर से आबकारी नीति में फेरबदल कर शराब के ठेकों की हर वर्ष नीलामी के फैसले का जिला कांग्रेस ने स्वागत किया हैं। कांग्रेस का मानना है कि इस फैसले से जहां पर प्रदेश को आर्थिक फायदा पहुंचेगा तो वहीं शराब ठेकों पर बढ़ रहे एकाधिकार पर भी अंकुश लगेगा। हमीरपुर जिला कांग्रेस प्रवक्ता रोहित शर्मा ने सरकार के इस फैसले की सराहना की हैं।
जिला प्रवक्ता रोहित शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के समय 5 सालों तक शराब के ठेकों की नीलामी नहीं करवाई थी जिससे शराब ठेकों पर एकाधिकार होने लगा था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पारदर्शिता का परिचय देते हुए अब हर वर्ष शराब के ठेकों की नीलामी पर मोहर लगाकर सराहनीय फैसला लिया हैं। वहीं उन्होंने कोरोना सेस हटाकर उसके स्थान पर काऊ सेस लगाने की भी सराहना की । उन्होंने कहा कि इस फैसले से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में मदद मिलेगी।
रोहित शर्मा ने नशे के खिलाफ नीति बनाने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से विपक्ष में रहते हुए नशा व शराब के खिलाफ आंदोलन किए गए थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से सुजानपुर में टास्क फोर्स बनाने की घोषणा का भी वह स्वागत करते हैं, क्योंकि इस के माध्यम से प्रदेश में नशे की रोकथाम में बल मिलेगा और युवा नशे की लत से बाहर निकल पाएगा।
