राकेश, ऊना: हिमाचल प्रदेश की ऊना पुलिस की ओर से नशे के दुष्प्रभावों को लेकर युवाओं को जागरूक करने के लिए अनेक अभियान चलाए गए हैं। उसी कड़ी में ऊना पुलिस की ओर से युवा पीढ़ी को नशे से बचाने और उनका ध्यान खेलों की तरफ लाने के लिए एक विशेष क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। इस टूर्नामेंट में 24 टीमें भाग ले रही है और विजेता टीम को 31हजार रुपए कैश प्राइज दिया जाएगा।
एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया की युवा पीढ़ी नशे के दलदल की तरफ बढ़ रही है। पुलिस की ओर से युवाओं को नशे से बचाने के लिए अनेक प्रकार के अभियान चलाए गए हैं। युवा पीढ़ी खेलों की तरफ बढ़े और उसी के चलते युवाओं को फिट रहने के लिए खेल गतिविधियों की ओर लाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है। उसी कड़ी में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है ताकि युवाओं को खेलों की तरफ जोड़ा जा सके जिससे उनका ध्यान नशे की तरफ ना बढ़कर खेलों की तरफ बढ़े।
उन्होंने कहा कि युवा जब खेलों से जुड़ेंगे तो उनका ध्यान नशे की तरफ नहीं जाएगा । इस क्रिकेट टूर्नामेंट के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए संदेश दिया जा रहा है ताकि वह नशे के दलदल से दूर रह सके।
