संजीव महाजन,नूरपुर: नूरपुर विधानसभा में कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक अजय महाजन को टिकट मिलने की घोषणा होने के बाद से ही अपने क्षेत्र में चुनावी प्रचार में अजय महाजन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार को बासा वजीरा व कुलहाना में अजय महाजन ने नुक्कड़ जनसभाएं की। अजय महाजन को टिकट मिलने से उनके समर्थकों में भी ऊर्जा भर गई है।
पूर्व विधायक अजय महाजन ने कहा कि जनता ओर कार्यकर्ताओं के बल पर वह चुनाव लड़ेंगे ओर जीतेंगे। उन्होंने कहा कि नूरपुर में भाजपा और कांग्रेस आमने सामने है ओर इस बार की लड़ाई धन शक्ति और जन शक्ति के बीच है। उन्होंने कहा कि जन शक्ति की हमेशा जीत होती है। महाजन ने कहा कि इस बार का चुनाव वह विकास के मुद्दे पर लड़ेंगे ओर भाजपा शासन काल में सड़क, शिक्षा ओर स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो बेरुखी हुई है उसको सत्ता में आते ही दुरुस्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि नूरपुर क्षेत्र में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी का है ओर सत्ता में आते ही युवाओं के लिए रोजगार के साधन उपलब्ध करवाने के लिए वह कार्य करेंगे। महाजन ने कहा कि जो युवा कुछ नेताओं के बहकावे में आकर नशे में लिप्त हो रहे है उनसे अपील है कि अपने भविष्य की तरफ ध्यान दे ओर इस बुरी लत को छोड़ दें।
