सोलन : योगेश शर्मा – हिमाचल प्रदेश में आज भारी बारिश को लेकर और अलर्ट जारी किया गया है । सोलन में देर रात करीब 1 बजे से मूसलाधार बारिश का दौर जारी है, जिस कारण जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है । हालांकि आज जिला प्रशासन सोलन द्वारा सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है और इसके लिए डीसी सोलन मनमोहन शर्मा ने आदेश भी जारी देर रात किए हैं ।
लेकिन लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन लैंडस्लाइड और लैंड सिंकिंग होने के मामलों के होने का डर भी लोगों को बना हुआ है ।
चंडीगढ़ शिमला NH पांच एक बार फिर चक्की मोड़ के पास हुआ बन्द
लगातार हो रही बारिश के चलते चंडीगढ़ शिमला नेशनल हाईवे 5 एक बार फिर से बाधित चक्की मोड़ के पास हुआ है, जहां पर भारी मात्रा में मलबा पहाड़ी से नीचे आ चुका है । फिलहाल बारिश का दौर जारी है और पुलिस प्रशासन द्वारा मौसम की स्थिति को देखते हुए रेस्टोरेशन का कार्य किया जाएगा। वहीं ट्रैफिक को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की गई है । चंडीगढ़ से शिमला आने वाले यात्री परवाणु से वाया कसौली होते हुए शिमला जा सकते हैं । वहीं शिमला से चंडीगढ़ जाने के लिए वाया नालागढ़ मार्ग या फिर सोलन पहुंचकर वाया नाहन रोड पर जाकर चंडीगढ़ पहुंचा जा सकता है। वहीं दूसरी तरफ नदी नालों का जलस्तर भी देर रात से हो रही बारिश के चलते बढ़ चुका है, इसको लेकर जिला प्रशासन सोलन ने लोगों से नदी नालों से दूर रहने की अपील की है, वहीं भूस्खलन होने या अन्य आपदा की स्थिति में लोगों के फंसे होने की सूचना जिला प्रशासन सोलन तक पहुंचाने के भी अपील की है ।
बारिश से अबतक सोलन को हुआ 587 करोड़ का नुकसान
बता दे कि अभी तक जिला सोलन को बारिश से 587 करोड़ 27 लाख 45 हज़ार 586 रुपए का नुकसान हो चुका है और लगातार यह आंकड़ा बढ़ता जा रहा है क्योंकि जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में लगातार भू धसावँ के मामले सामने आ रहे हैं ।यहां पर लोगों को अपने घर खाली करने पड़ रहे हैं क्योंकि घरों में दरार आने के कारण जमीन लगातार धँसती जा रही है । वहीं जिला में पीडब्ल्यूडी जल शक्ति और विद्युत विभाग को खासा नुकसान देखने को मिला है । रोजाना नुकसान की रिपोर्ट को जिला प्रशासन सरकार को सौंप रहा है।
