संजीव महाजन, नूरपूर : आज़ादी के अमृत महोत्सव पर जहां प्रदेश भर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही है वहीं अब ग्रामीण भी आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे है। आज़ादी का यही जश्न मनाने के लिए आज विधानसभा ज्वाली के सोलधा गांव में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर तिरंगा प्रभात फेरी गांव में निकाली गई। इस आयोजन में विधायक अर्जुन सिंह ने गांववासियों के साथ सुबह ही प्रभात फेरी में भाग लिया। यह आयोजन सोलधा गांव के ग्रामीणों भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जिसमें मुख्य रूप से विधायक अर्जुन सिंह ने शिरकत की।
इस अवसर पर विधायक अर्जुन सिंह ने गांववासियों को इस कार्यक्रम के आयोजन करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार ऐसा आयोजन हो रहा है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए एक सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने कहा कि आज भारत आजादी की 75 वीं वर्षगांठ मना रहा है और इसमें हिमाचल भी अहम भूमिका निभा रहा है। अमृत महोत्सव के अवसर पर हिमाचल में हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर लोग उत्साहित हैं और लोग घरों और कार्य स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा रहे है।
