अरविंदर सिंह,हमीरपुर: भारतीय जनता पार्टी की ओर से आज सुबह अपने 62 उम्मीदवारों की सूची जारी करने के बाद जहां पार्टी प्रत्याशी बनने पर उनके समर्थकों में खुशी है तो वहीं भाजपा में बगावत की चिंगारी भी जल उठी है। हमीरपुर में हमीरपुर सदर से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर वर्तमान विधायक नरेंद्र ठाकुर का सूची में नाम आने पर उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। नरेंद्र ठाकुर के समर्थकों ने अपनी ख़ुशी के इजहार में गांधी चौक पर ढोल नगाड़ों व नाच गाकर पार्टी आलाकमान का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटे ओर पटाखे भी फोड़े पार्टी समर्थकों के जश्न में पहुंचे विधायक नरेंद्र ठाकुर को कार्यकर्ताओं ने कंधे पर उठाकर उनको जीत के प्रति आश्वस्त भी किया।
इस अवसर पर उनके समर्थकों ने पार्टी शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि नरेंद्र ठाकुर ने हमेशा ही हर वर्ग के लिए काम किया है और इसी का नतीजा है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें यह जिम्मेवारी सौंपी है। उन्होंने दावा जताया कि विधायक नरेंद्र ठाकुर एक बार फिर से हमीरपुर सदर से जीत का परचम लहराएंगे। पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए विधायक व हमीरपुर सदर से भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र ठाकुर ने भाजपा राष्ट्रीय आलाकमान व केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ओर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि जो विश्वास पार्टी ने उन पर दिखाया है उसे वह पूरा करते हुए एक बार फिर से हमीरपुर सदर की सीट को भाजपा की झोली में डालेंगे।
ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार के 5 वर्ष के कार्यकाल और केंद्र सरकार की जनकल्याण में की गई योजनाओं को लेकर पार्टी एक बार फिर से प्रदेश में सत्तासीन होगी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से चुनाव ना लड़ने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पार्टी शीर्ष नेतृत्व में किन परिस्थितियों में यह फैसले हुए हैं यह उन्हें नहीं मालूम उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने हमीरपुर जिला के साथ प्रदेश के विकास में नए आयाम स्थापित किए थे, जिनका लाभ अगर वे चुनाव लड़ते तो मिलता। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से भी पार्टी को मार्गदर्शन देते रहने की अपील भी की। वहीं हमीरपुर विधानसभा सदर सीट से पार्टी में बगावत के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी से बातचीत कर एकजुटता के साथ चुनाव लड़ा जाएगा । उन्होंने उम्मीद जताई कि नामांकन वापस लेने वाले दिन भाजपा का केवल एक ही प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहेगा।
