Mandi, Dharamveer-: नशा मुक्ति का संदेश देने के लिए नामधारी संगत मंडी द्वारा बसंच पंचमी के उपलक्ष पर छोटी काशी मंडी में मैराथन का आयोजन किया गया। इस मैराथन में 150 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इन प्रतिभागियों को दो श्रेणियों में बांटा गया था जिसमें 16 वर्ष से कम आयु वर्ग और 16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वाले पुरूष और महिलाएं शामिल थी।
एडीसी मंडी गुरसिमर सिंह ने सेरी मंच से इस मैराथन का हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जो बस स्टैंड, भ्युली पुल, पुरानी मंडी और विक्टोरिया पुल से होते हुए खलियार स्थित नामधारी कोठी में जाकर संपन्न हुई। यहां डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने दोनो वर्गों में पहले तीन स्थानों पर रहे प्रतिभागियों को 5100, 3100 और 2100 की नकद राशि ईनाम स्वरूप प्रदान की। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को भी टी-शर्ट प्रदान किए गए। डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने कहा कि नशे जैसी कुरीति से तभी पार पाया जा सकता है जब समाज के हर वर्ग का इसमें सहयोग मिलेगा। उन्होंने इस आयोजन के लिए नामधारी संगत को बधाई दी और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों के माध्यम से नशे पर प्रहार जारी रहेगा।
नामधारी संगत मंडी के अध्यक्ष सतविंदर पाल सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक कुरीति से दूर रखने और स्वस्थ समाज की कल्पना करते हुए इस मैराथन का आयोजन किया जा गया। इसमें करीब 150 प्रतिभागियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि नामधारी संगत हर वर्ष बसंत पंचमी के उपलक्ष पर चार दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन करती है। जिसमें इस बार नशे के खिलाफ चल रही मुहीम में अपनी भागीदारी निभाने का प्रयास किया गया है।
